आयुक्त की अध्यक्षता में प्रमंडलीय जनसुनवाई, 15 मामलों की हुई सुनवाई,
भूमि विवाद व अतिक्रमण से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाना तथा आमजनों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना रहा।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस—सोमवार एवं शुक्रवार—को सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे आमजन सीधे अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।

आज आयोजित कार्यक्रम में कुल 15 आवेदनों पर सुनवाई की गई। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण से संबंधित मामले तथा अन्य जनसमस्याएँ शामिल रहीं। आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र एवं विधिसम्मत निवारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया। साथ ही, आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।