महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह को ‘भारत रत्न’ देने की फिर से उठी जोरदार मांग, विधानसभा में गूंजा मुद्दा,
भारत रत्न सम्मान मिलना करोड़ों जन भावना का होगा सम्मान :कुमार कपिलेश्वर सिंह
दस्तक 7मीडिया /
मिथिला के महान दानी, शिक्षाविद् और राष्ट्रनिर्माता महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। अष्टादश बिहार विधान सभा के द्वितीय सत्र में शून्यकाल के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सह विधायक मुरारी मोहन झा ने इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया और बिहार सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार से अनुशंसा करने की मांग की।
विधायक मुरारी मोहन झा ने कहा कि महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह का योगदान केवल मिथिला तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय रक्षा, संविधान निर्माण और संस्कृति के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। वे संविधान सभा के सदस्य एवं राज्यसभा सांसद रहे और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान विभूति को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करना करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान होगा। मिथिला के महापुरुषों को उनका उचित सम्मान दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करते रहेंगे।
