पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर एलआईसी कर्मियों की हड़ताल

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पुरानी पेंशन प्रणाली लागू करने, क्लर्क एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की नई बहाली करने तथा बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश पर रोक लगाने की मांग को लेकर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों ने गुरुवार को एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर हड़ताल की।

एलआईसी के आईयूएमडी दरभंगा शाखा के सचिव कुंदन कुमार ने हड़ताल के दौरान कहा कि यदि सरकार नया श्रम कानून वापस नहीं लेती है तो कर्मचारी आगे भी लंबी लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ी तो लंबी अवधि की हड़ताल भी की जाएगी। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के निवेश को बंद करने की मांग भी उठाई।

वहीं एमडीआईईए के सचिव किशन कुमार ने कहा कि पीएसयू के निजीकरण की प्रक्रिया हर हाल में बंद की जानी चाहिए। उन्होंने सहायक एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की नई बहाली पर जोर देते हुए कहा कि कम स्टाफ के बावजूद पॉलिसीधारकों को बेहतर सेवा दी जा रही है, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण कार्य प्रभावित होता है। नई नियुक्ति से पॉलिसीधारकों को समय पर सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

हड़ताल में कुंदन आकाश, कृष्ण आदित्य, संजय कुमार, किशन कुमार, गौरव कुमार, मनोज राम, सुरेश कुमार, विजय कुमार, पवन कुमार, सुरेश कुमार मिश्रा, शैलेंद्र झा, सदरे आलम, मनोहर पूर्वे, आंचल भारद्वाज, अंजली कुमारी, पूजा कुमारी, एस. आरा सहित दर्जनों कर्मचारी शामिल रहे।

जिले की दरभंगा शाखा, लहेरियासराय शाखा, बेनीपुर सेटेलाइट शाखा एवं सकरी शाखा के सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहे, जिससे दिनभर कार्यालयीन कार्य प्रभावित रहा।