कैदराबाद और न्यू टाउन क्लब की शानदार जीत,आयुष लोहारुका और अल्तमिश के शतकों से नेहरू स्टेडियम गूंजा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 2025-26 सत्र की जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के चौथे दिन बुधवार को नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
कैदराबाद क्लब की 229 रनों से बड़ी जीत
दिन के पहले मुकाबले में कैदराबाद क्रिकेट क्लब ने यूथ स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 229 रनों के विशाल अंतर से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैदराबाद की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 4 विकेट खोकर 314 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ओपनर रणजी खिलाड़ी आयुष लोहारुका ने 67 गेंदों पर 107 रन (10 चौके, 6 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली। वहीं अल्तमिश ने 75 गेंदों पर 109 रन (11 चौके, 5 छक्के) बनाकर शतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 208 रनों की साझेदारी हुई। इसके अलावा सन्नी ने 25 गेंदों पर 47 रन (5 चौके, 3 छक्के) और अनमोल ने 9 गेंदों पर 28 रन (3 चौके, 2 छक्के) बनाए।
यूथ स्पोर्ट्स की ओर से सफान ने 2 विकेट, जबकि गौरव और हनी ने एक-एक विकेट लिया।
314 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ स्पोर्ट्स की टीम 85 रनों पर ही सिमट गई। संजीव (20), अंकुश (23) और जितेंद्र (37) ने कुछ संघर्ष किया। कैदराबाद की ओर से क्रिश ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 16 रन देकर 5 विकेट झटके। राहुल ने 2, जबकि अनुपम, आरव और आयुष ने एक-एक विकेट लिया।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आयुष लोहारुका को प्रदान किया गया।
न्यू टाउन क्लब की 170 रनों से जीत
दूसरे मुकाबले में न्यू टाउन क्रिकेट क्लब ने लहेरियासराय क्रिकेट क्लब को 170 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू टाउन की टीम ने 30 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 260 रन बनाए।
न्यू टाउन के बल्लेबाज सुरजीत ने 66 गेंदों पर 87 रन (12 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी खेली। सन्नी ने 46 गेंदों पर 59 रन (7 चौके, 2 छक्के), संदीप ने 29 गेंदों पर 41 रन (9 चौके) बनाए। उत्सव और अभिषेक ने 16-16 रनों का योगदान दिया।
लहेरियासराय की ओर से अमन ने 4/46 का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जबकि सौरव और फजल ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में लहेरियासराय की टीम 98 रनों पर सिमट गई। सौरभ (21), राजकिशोर (18) और अमन (12) ने संघर्ष किया। न्यू टाउन के अभिषेक (3/27) और चिराग (3/21) ने शानदार गेंदबाजी की। सुरजीत, सचिन और आर्यन ने एक-एक विकेट लिया।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सुरजीत कुमार को दिया गया।