सोनपुर मोड़ पर मौत का तांडव,अनियंत्रित ट्रैक्टर तीन किशोरों को रौंदा, मौके पर ही थमीं सांसें
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल कोठीपुल–सहरसा गंडोल मुख्य पथ पर बुधवार की शाम खुशियां मातम में बदल गईं। सोनपुर मोड़ के समीप एक बेलगाम अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन किशोरों को ऐसी भीषण टक्कर मारी कि तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान एक ही गांव के घनिष्ठ मित्रों के रूप में हुई है, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना शाम करीब 7 बजे की है। बड़गांव थाना क्षेत्र के अखतवाड़ा गांव निवासी अंकित कुमार (17 वर्ष), पंकज कुमार सहनी (17 वर्ष) और विवेक कुमार (16 वर्ष) एक ही बाइक पर सवार होकर सुपौल बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिरौल की ओर से सहरसा की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर सोनपुर मोड़ के पास उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों किशोर काफी दूर जाकर गिरे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मानवता दिखाते हुए लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और तीनों लहूलुहान किशोरों को सुपौल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, अनहोनी को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही यह खबर अखतवाड़ा गांव पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। तीनों किशोर आपस में गहरे दोस्त थे और अक्सर साथ ही देखे जाते थे। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कंपनी के कैंप के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, जो अक्सर नियमों को ताक पर रखकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी,पुनि सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन, बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्रमणि,के अलावा घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, तिलेश्वर थानाध्यक्ष केसरी नंदन सहित कई थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। एसडीपीओ सह एएसपी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि हादसा बेहद दुखद है। तीनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।