सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वाले सावधान: आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी सख्त कार्रवाई :सम्राट चौधरी पुलिस को दिए गए स्पष्ट निर्देश, कहा :समाज में जहर घोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वाले सावधान: आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी सख्त कार्रवाई :सम्राट चौधरी पुलिस को दिए गए स्पष्ट निर्देश, कहा :समाज में जहर घोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वाले सावधान: आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी सख्त कार्रवाई :सम्राट चौधरी
पुलिस को दिए गए स्पष्ट निर्देश, कहा :समाज में जहर घोलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
दस्तक 7मीडिया /
बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा, गाली-गलौज और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का मंच है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर समाज में नफरत या अशांति फैलाने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम या अन्य किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी, गाली-गलौज या भड़काऊ पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है।
पुलिस विभाग को सख्त निर्देश
सम्राट चौधरी ने पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाएगा तथा साइबर सेल को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया है।
उन्होंने कहा, “गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल समाज पर बुरा असर डालता है। इससे युवाओं और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसी मानसिकता को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता।”
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
गृह मंत्री ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह अपराधी हो, माफिया हो या सोशल मीडिया के जरिए माहौल बिगाड़ने वाला व्यक्ति ,सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी और संयम के साथ करें। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाई जाए या समाज में वैमनस्य फैलाया जाए।
साइबर कानून के तहत हो सकती है कार्रवाई
विशेषज्ञों के अनुसार, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ या अश्लील पोस्ट करने पर आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हो सकता है। दोषी पाए जाने पर गिरफ्तारी और दंड का प्रावधान भी है।
सरकार के इस सख्त रुख के बाद सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों में हलचल देखी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में निगरानी और कार्रवाई दोनों तेज हो सकती है।