दरभंगा में एनडीआरएफ द्वारा बाढ़ से बचाव को लेकर टेबल टॉप अभ्यास आयोजित
दरभंगा में एनडीआरएफ द्वारा बाढ़ से बचाव को लेकर टेबल टॉप अभ्यास आयोजित
दरभंगा में एनडीआरएफ द्वारा बाढ़ से बचाव को लेकर टेबल टॉप अभ्यास आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित भीमराव अंबेडकर सभागार में आज एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन द्वारा डिप्टी कमांडेंट अश्विनी कुमार के नेतृत्व में बाढ़ जल बचाव (Flood Water Rescue – FWR) को लेकर टेबल टॉप अभ्यास का आयोजन किया गया। यह अभ्यास आगामी दिनों में दरभंगा जिले में प्रस्तावित दो दिवसीय FWR अभ्यास से पूर्व की तैयारियों के क्रम में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर ज्योति कुमार झा द्वारा विभिन्न आपदाओं के दौरान एनडीआरएफ द्वारा किए गए कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। विशेष रूप से वर्ष 2024 में बिहार राज्य में आई भीषण बाढ़ के दौरान एनडीआरएफ की भूमिका, त्वरित बचाव कार्य, राहत पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय की जानकारी साझा की गई।
उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों को अधिक से अधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा जीवन रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।
इसके पश्चात 10 फरवरी 2026 को कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल अंतर्गत शिवगंगा पोखर के समीप आयोजित होने वाले फील्ड अभ्यास के संबंध में सभी संबंधित विभागों को विस्तारपूर्वक ब्रीफ किया गया। इस दौरान बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा बाढ़-पूर्व की तैयारियों एवं बाढ़ की स्थिति में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी साझा की गई।
बैठक में दरभंगा जिले में बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए किए जा रहे नवाचारों पर भी प्रकाश डाला गया। इनमें आपदा से संबंधित पुस्तिका का प्रकाशन, विभिन्न कोषांगों का गठन, टीम निर्माण तथा क्षति आकलन से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल हैं।
एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट अश्विनी कुमार ने दरभंगा जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक पाँच राज्यों एवं बिहार के सभी जिलों का भ्रमण किया है, लेकिन बाढ़ आपदा से निपटने की दृष्टि से दरभंगा जिला की तैयारियाँ सर्वश्रेष्ठ पाई गई हैं।
यह टेबल टॉप अभ्यास आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने तथा आगामी बाढ़ की संभावित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
इस बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, अपर जिला दंडाधिकारी मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, आपदा प्रबंधन शाखा की प्रभारी पदाधिकारी वृषभानु कुमारी चंद्रा, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।