दरभंगा जिला क्रिकेट लीग का आगाज़, डायमंड क्रिकेट क्लब ने यूथ क्रिकेट क्लब को 30 रनों से हराया

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित सत्र 2025-26 की जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन डीडीसीए के पूर्व सचिव राधा रमन मिश्र सहित जिले के वरीय खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन मैच में डायमंड क्रिकेट क्लब ने यूथ क्रिकेट क्लब को 30 रनों से पराजित किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डायमंड क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। टीम की ओर से सौरभ ने 48 रन, सचिन ने 23 रन तथा प्रिंस ने नाबाद 21 रन का योगदान दिया। यूथ क्रिकेट क्लब की ओर से हाशिर, शाहरुख और राशिद ने दो-दो विकेट, जबकि अजीम एवं कैफ ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ क्रिकेट क्लब की टीम 30 ओवरों में 9 विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी। यूथ की ओर से राशिद ने 36 रन, कैफ ने 26 रन और हाशिर ने 18 रन बनाए। डायमंड क्रिकेट क्लब के गेंदबाज अंकित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि रोहन ने 3 विकेट तथा महबूब और सचिन ने एक-एक विकेट लिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंकित ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पूर्व उद्घाटन समारोह में उद्घाटनकर्ताओं ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में डीडीसीए के सचिव पवन कुमार सिंह, जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र सिंह, वरीय खिलाड़ी प्रदीप गुप्ता, सरदार सुरेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र नाथ बुलटूस, जावेद इकबाल, संजीव सिन्हा, डॉ. प्रभाष चंद्र झा, डॉ. ए.एन. आरजू, सुरेश झा, पवन सिन्हा, विजय कुमार झा ‘छन्नू’, सोहेल अख्तर, संजय कुमार झा, रतीश कुमार सिंह, सुजीत ठाकुर, सुजीत झा, डीडीसीए के कोषाध्यक्ष आमिर फैसल समसी, अंपायर विवेकानंद उर्फ विक्की एवं मो. आदिल सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे।

सोमवार को प्रतियोगिता में दो मैच खेले जाएंगे।