दरभंगा में रोजगार की बड़ी पहल,एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले में 23 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 597 युवाओं का औपबंधिक चयन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा द्वारा शुक्रवार को सरकारी आईटीआई रामनगर, लहेरियासराय में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का सफल आयोजन किया गया।

मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों की कुल 23 नामी नियोजक कंपनियों ने भाग लिया। इनमें ASPN Infodynamic Pvt. Ltd., Blink Commerce Pvt. Ltd., L&T Construction Skill Training Institute, 2Coms Consulting, LIC, Vision India Services, IIFL Samasta Finance, Bharat Financial Inclusion Ltd., Shivashakti Agritech, Elite Foods सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थान शामिल रहे। इसके अतिरिक्त DRCC, उद्योग विभाग, जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र, NCS Registration/Overseas Bureau की भी सक्रिय भागीदारी रही।

सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने किया मेले का उद्घाटन

नियोजन मेले का उद्घाटन माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री सुनील कुमार मिश्रा, जिला प्रवक्ता श्री प्रेम कुमार मिश्रा, जिला मंत्री श्री आशुतोष कुमार झा, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि दरभंगा जिले में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दरभंगा में औद्योगिक क्लस्टर के विकास, मखाना बोर्ड की स्थापना, 8 आरओबी निर्माण तथा जिले को नए स्वरूप में विकसित करने की दिशा में चल रही योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं और नियोजन मेले में उपलब्ध नौकरियों से जुड़ें। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के बाद भी कंपनियों एवं युवाओं के बीच समन्वय बनाए रखा जाए।

टूल किट व स्टडी किट का वितरण

मेले के दौरान रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियों के बीच टूल किट तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच स्टडी किट का वितरण किया गया। साथ ही 13 अभ्यर्थियों को KYP प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

1317 बायोडाटा प्राप्त, 597 का औपबंधिक चयन

नियोजकों द्वारा शिक्षित युवाओं से कुल 1317 बायोडाटा प्राप्त किए गए, जिनमें से 597 अभ्यर्थियों का औपबंधिक चयन किया गया, जो मेले की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सहायक निदेशक (नियोजन)  नीतीश कुमार सिन्हा ने अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करते हुए करियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
अंत में पदाधिकारियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।