दिनदहाड़े लूट की साजिश नाकाम, ड्राइवर की बहादुरी से पिस्टल समेत बदमाश धराया।
दिनदहाड़े लूट की साजिश नाकाम, ड्राइवर की बहादुरी से पिस्टल समेत बदमाश धराया।
दिनदहाड़े लूट की साजिश नाकाम, ड्राइवर की बहादुरी से पिस्टल समेत बदमाश धराया।
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
बहादुरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पिस्टल के बल पर पिकअप वाहन लूटने की कोशिश की गई। यह सनसनीखेज घटना असगांव नोनीपुल के पास हुई, जहां बिस्कुट लदी एक पिकअप को दो बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। हालांकि, पिकअप चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बदमाश को हथियार समेत दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे पिकअप वाहन लहेरियासराय से धोईघाट की ओर जा रहा था। तभी पल्सर बाइक पर सवार दो युवक अचानक वाहन के आगे आकर उसे रोकने लगे। साइड देने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते लूट की कोशिश में बदल गई। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पिस्टल निकालकर चालक को धमकाते हुए वाहन में रखे सामान सौंपने को कहा।
पिकअप चालक रंजीत चौपाल, जो गोविंदपुर गांव का निवासी है, ने साहस दिखाते हुए वाहन से उतरने से इनकार कर दिया। इसी दौरान बदमाश ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी, लेकिन मौके का फायदा उठाते हुए चालक ने बदमाश के हाथ से पिस्टल झपट ली। संतुलन बिगड़ने से बदमाश सड़क पर गिर पड़ा।
मछुआरों की सतर्कता से बदमाश गिरफ्तार
घटना के दौरान पास ही मछली पकड़ रहे स्थानीय लोग पूरी वारदात देख रहे थे। उन्होंने तुरंत दौड़कर बदमाश को पिस्टल समेत पकड़ लिया और बहादुरपुर थाना को सूचना दी। इस बीच पल्सर बाइक पर सवार दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष अबूजर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गए। जांच में बरामद पिस्टल खाली पाई गई।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान नीतीश कुमार (25), पिता बिपिन सिंह, ग्राम कोरेइ थाना गढ़पुरा जिला बेगूसराय के रूप में हुई है।
अंतरजिला लूट गिरोह से जुड़ाव का खुलासा
पिकअप चालक के लिखित आवेदन पर बहादुरपुर थाना में लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश अंतर जिला लूट गिरोह का सक्रिय सदस्य है और पिछले पांच वर्षों में दरभंगा, समस्तीपुर व बेगूसराय में हुई कई लूट की घटनाओं में उसका नाम सामने आ चुका है। विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष अबूजर ने बताया कि फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।