डीएम ने मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान, दरभंगा में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान परिसर में निर्माणाधीन गेस्ट हाउस, चाहरदीवारी, बॉयज हॉस्टल एवं अन्य विकसित की जा रही संरचनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता, डीपीओ विनोद कुमार रंजन द्वारा जानकारी दी गई कि संस्थान की चाहरदीवारी का निर्माण कुल 1060 मीटर लंबाई में पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित जर्जर एवं पुराने भवनों को नियमानुसार ध्वस्त करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
बताया गया कि प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा गेस्ट हाउस में प्लिंथ लेवल तक का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही, परिसर की आंतरिक सड़कों के सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर उपस्थित अधिकारियों से सभी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से कार्यपालक अभियंता, बीएसईआईडीसीएल को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित एजेंसी के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गेस्ट हाउस, बॉयज हॉस्टल एवं प्रशासनिक भवन सहित सभी प्रमुख निर्माण स्थलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता, बीएसईआईडीसीएल, दरभंगा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।