बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं को किया जागरूक, सिंहवाड़ा में सखी वार्ता कार्यक्रम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास निगम, दरभंगा के तत्वावधान में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) द्वारा सिंहवाड़ा प्रखंड के +2 बालिका उच्च विद्यालय, रामपुरा में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम सह विशेष सखी वार्ता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा सरकार द्वारा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में DHEW की टीम जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार—ने छात्राओं को बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जिसका बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। साथ ही विवाह की वैधानिक आयु और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, वित्तीय एवं साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संकट की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता, परामर्श सेवा, अस्थायी आश्रय, चिकित्सा सहायता एवं पुलिस सहयोग की जानकारी साझा की गई।
छात्राओं को सखी वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 तथा आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान संवाद सत्र में छात्राओं को शिक्षा को प्राथमिकता देने, आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़े होने और किसी भी समस्या में सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षिकाओं, शिक्षकों एवं छात्राओं की उपस्थिति में सभी महिला-पुरुषों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।