दरभंगा में इंटर परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी, 69 केंद्रों पर कदाचार-मुक्त होगी परीक्षा,

जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित, 30 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा के सफल और कदाचार-मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 02 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक जिले के सभी अनुमंडल मुख्यालयों में स्थित 69 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षार्थियों का केंद्र में प्रवेश अनिवार्य होगा।

निर्धारित समय के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

प्रशासन के अनुसार,
प्रथम पाली में सुबह 9:00 बजे तक
द्वितीय पाली में दोपहर 1:30 बजे तक
ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा से वंचित होने की जिम्मेदारी परीक्षार्थी एवं उनके अभिभावकों की होगी।

जूता-मोजा पहनकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को बिना जूता और मोजा ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अथवा किसी भी प्रकार की अनधिकृत सामग्री लाना सख्त मना है।

तीन स्तरों पर होगी सघन तलाशी

कदाचार-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय तलाशी व्यवस्था लागू की गई है—
1. मुख्य प्रवेश द्वार पर
2. परीक्षा कक्ष में वीक्षकों द्वारा
3. परीक्षा प्रारंभ होने के बाद केंद्राधीक्षक द्वारा औचक जांच

भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती

हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं कर्मियों को प्रत्येक परीक्षा तिथि को सुबह 7:00 बजे केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित, CCTV से निगरानी

परीक्षा केंद्रों के भीतर मीडिया कर्मियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं, प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से सख्त निगरानी की जाएगी।

जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें और नियमों का पालन कर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।