02 से 06 फरवरी तक चलेगा फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान का तीसरा चरण,

डीएम कौशल कुमार ने दिए निर्देश, किसान पंचायत व CSC सेंटर पर कराएं पंजीकरण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

कृषि विभाग एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश पर जिले में फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान का तृतीय चरण 02 फरवरी से 06 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

महाअभियान के दौरान जिले के किसान अपने-अपने पंचायत में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मचारी से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसान अपने नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) एवं वसुधा केंद्र पर जाकर भी फार्मर आईडी का पंजीकरण करवा सकते हैं।

फार्मर रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं स्वयं के नाम से जमाबंदी होना अनिवार्य बताया गया है। प्रशासन के अनुसार फार्मर रजिस्ट्री कराना पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, केसीसी, सहायता अनुदान, फसल क्षति पर वास्तविक मुआवजा सहित सभी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे महाअभियान की अवधि में अनिवार्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री कराएं, ताकि डिजिटल फार्मर आईडी के माध्यम से सरकार की सभी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।