31 जनवरी को दरभंगा में होगा भूमि सुधार जन कल्याण संवाद,

उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रेक्षागृह में राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े मामलों पर होगी सीधी चर्चा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

माननीय उप मुख्यमंत्री-सह-मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार की अध्यक्षता में 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को प्रेक्षागृह, दरभंगा में राजस्व से संबंधित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान एवं राजस्व व्यवस्था की समीक्षा करना है।

यह आयोजन दो पालियों में संपन्न होगा।
प्रथम पाली में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों के साथ-साथ जिले के सभी राजस्व पदाधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे। इस दौरान नागरिक सीधे तौर पर अपनी समस्याएं रख सकेंगे।

द्वितीय पाली में अपराह्न 3:30 बजे से 5:00 बजे तक राजस्व विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, भूमि सुधार उप समाहर्ता के न्यायालय में लंबित वादों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की जाएगी।

इस आयोजन में जिले के सभी अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

प्रशासन द्वारा उम्मीद जताई गई है कि यह जन कल्याण संवाद भूमि सुधार की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल एवं नागरिकों के लिए सुलभ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।