बेगूसराय जिला से चोरी हुआ दूध टैंकर दरभंगा में बरामद, कबाड़ में तब्दील करने की थी साजिश, अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़,

चोरी का अवशेष खरीदारी करने वाले कई कबाड़ दुकानदार पुलिस के रडार पर

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बेगूसराय जिला के फूलबड़िया थाना क्षेत्र से चोरी हुए एक दूध टैंकर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराधियों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्यों को मिटाने के लिए टैंकर को काटकर कबाड़ में बेचने की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
घटना 19 जनवरी 2026 को हुई थी, जब वाहन मालिक पंकज सिंह का दूध टैंकर (संख्या: BR01G 3608) फूलबड़िया थाना क्षेत्र से चोरी हो गया था। वाहन मालिक और पुलिस लगातार इसकी तलाश में जुटे थे। इसी क्रम में तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर टैंकर के दरभंगा जिले के बिरौल थाना अंतर्गत अहिलबाड़ा गांव में होने का संकेत मिला।
अपराधियों ने टैंकर को छिपाने के लिए दुस्साहस की सारी हदें पार कर दी थीं। उन्होंने अपने घर की मुख्य दीवार को तोड़कर टैंकर को अंदर दाखिल किया और उसे तिरपाल से ढक दिया ताकि किसी को भनक न लगे। तकनीकी अनुसंधान और लोकेशन से
संकेत मिलते ही बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्र मणि और फूलबड़िया थाना के अवर निरीक्षक गौतम कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम में एसआई एकरार फारुकी और अन्य पुलिस बल शामिल थे। पुलिस ने जब अहिलबाड़ा गांव में हयुम खान के आवास पर छापेमारी की, तो वहां टैंकर के कटे हुए अवशेष बरामद हुए। अपराधी उसे अलग-अलग हिस्सों में काटकर कबाड़ को बेचने की फिराक में थे। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि पुलिस जांच में सनसनीखेज कि खुलासा हुआ है कि इस कांड को किताबुल खान और इझाबुल खान (दोनों भाई) ने अंजाम दिया था। ये दोनों अहिलबाड़ा गांव निवासी जुमन खान के दामाद बताए जा रहे हैं। छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस के अनुसार,अहिलबाड़ा गांव स्थित हयुम खान का घर चोरी के वाहनों को काटने के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार चोरी की गाड़ियों के अवशेष खरीदने वाले बिरौल और अन्य क्षेत्रों के कबाड़ संचालक भी अब पुलिस के रडार पर हैं। इस मामले में पंकज सिंह के आवेदन पर दिनांक 19-01-2026 को एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की टीम अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बरामद वाहन के अवशेषों को बेगुसराय जिला के फूलबड़िया थाना पुलिस अपने साथ ले गई है।