दिल्ली पब्लिक स्कूल सैदनगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस,

भारत की मजबूती का आधार है हमारा संविधान : स्वर्णिका मिश्रा

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

सैदनगर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की ओर से देश के सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यालय में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने के साथ हुई,इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य स्वर्णिका मिश्रा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों,शिक्षकों और अभिभावकों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमें केवल मौलिक अधिकार ही नहीं देता,बल्कि हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। एक अच्छा नागरिक वही होता है जो अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी ईमानदारी से निभाए। प्रधानाचार्य ने आगे बताया कि भारत का संविधान दुनिया के सबसे श्रेष्ठ संविधानों में से एक है। यह हमें समानता,स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। इसी संविधान के कारण भारत आज विश्व में एक मजबूत और सम्मानित देश के रूप में पहचाना जाता है। इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि हम संविधान का आदर करें और उसके नियमों का पालन करें। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े भाषण,कविताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों में देश के प्रति प्रेम और गर्व की भावना साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि हमें अपने देश,संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की प्रगति में अपना योगदान देंगे।