मो. मुख्तार ने किया झंडोत्तोलन,तारालाही पंचायत में गूंजा देशभक्ति का माहौल,

तारालाही पंचायत में सादगी के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत तारालाही पंचायत में गणतंत्र दिवस बड़े ही सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर तारालाही पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष,पूर्व मुखिया पति एवं बिहार जमीआतु राईन के महासचिव मो. मुख्तार द्वारा अपने निजी कार्यालय परिसर में हर साल की तरह इस वर्ष भी झंडोत्तोलन किया गया। झंडोत्तोलन के दौरान पंचायत के सभी वर्ग और सभी जाति के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई,जिसके बाद लोगों ने तिरंगे को सलामी दी। माहौल देशभक्ति से भर गया और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर मो. मुख्तार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी का दिन हम सभी देशवासियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन हमारा संविधान लागू हुआ था और हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी पहचान मिली। उन्होंने कहा कि आज हम जो आज़ादी की सांस ले रहे हैं,वह हमारे देश के वीर शहीदों की कुर्बानी का नतीजा है।


मो. मुख्तार ने कहा कि हमें उन सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को याद करना चाहिए,जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे,प्रेम और एकता के साथ रहें और देश के विकास में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं और सभी ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में देशभक्ति और एकता की भावना मजबूत होती है। तारालाही पंचायत में गणतंत्र दिवस का यह आयोजन शांतिपूर्ण, सफल और प्रेरणादायक रहा।