राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन,डीडीसी ने दिलाई मतदान की शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन,डीडीसी ने दिलाई मतदान की शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन,डीडीसी ने दिलाई मतदान की शपथ
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी तथा मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “मैं इंडिया, मैं वोट” है, जो प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी को रेखांकित करती है।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा दिए गए संदेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र की सशक्त नींव को और अधिक मजबूत करने के लिए मतदाता जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के भविष्य का निर्धारण करने की शक्ति मतदाताओं के हाथ में है, अतः प्रत्येक मतदाता को धर्म, जाति एवं किसी भी प्रकार के प्रलोभन से मुक्त होकर, निर्भीक वातावरण में मतदान करना चाहिए।
विशेष गहन पुनरीक्षण (अंतिम प्रकाशन) के अनुसार जिले में कुल 28,80,799 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष – 15,17,771, महिला – 13,62,985 एवं तृतीय लिंग – 43 शामिल हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 62,904 मृत, 88,921 स्थायी रूप से विस्थापित, 27,516 अनुपस्थित तथा 23,978 दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को चिह्नित किया गया। वर्तमान विशेष अभियान के अंतर्गत दोहरी प्रविष्टियों के विलोपन की प्रक्रिया में 99.16 प्रतिशत निष्पादन किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ तथा निर्वाचन सूची की तैयारी में बेहतर योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्वीप आइकॉन मणिकांत झा एवं जिला दिव्यांगजन स्वीप आइकॉन जितेंद्र कुमार को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों मुकुंद चौधरी, देवेंद्र कुमार झा, गगन कुमार झा, जवाहर शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला स्वीप आइकॉन मणिकांत झा द्वारा प्रस्तुत किया गया।