श्री शारदा इंस्टीट्यूशन में धूमधाम से मनाया गया 15वां सरस्वती पूजा महोत्सव

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूशन के प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ 15वां सरस्वती पूजा महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही पूजा को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पूजा कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई। संस्थान के पंडित अमरेश झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से माता सरस्वती की पूजा संपन्न कराई। पूजा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और माता सरस्वती से विद्या,बुद्धि और सफलता की कामना की गई। इस मौके पर संस्थान के निदेशक ललन कुमार झा ने बताया कि श्री शारदा इंस्टीट्यूशन पिछले 15 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। सरस्वती पूजा के अवसर पर संस्थान के बच्चों को यह जानने और समझने का मौका मिलता है कि शिक्षा का जीवन में कितना महत्व है। खासकर 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं अपने बेहतर परीक्षा परिणाम और उज्ज्वल भविष्य के लिए माता सरस्वती की आराधना करते हैं। संस्थान के सचिव ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि मेहनत,अनुशासन और सच्ची लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारों को अपनाने की सीख दी। पूजा समारोह में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी,जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार झा,राज्य कार्यकारिणी सदस्य शिवनंदन सिंह,जदयू नगर अध्यक्ष माधव झा सहित शहर के कई प्रतिष्ठित लोग शामिल थे। इसके अलावा अनेक शिक्षाविद,प्रोफेसर और समाज के प्रबुद्ध नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। संस्थान के छात्र प्रियांशु,किशन,शिवम,राजीव,कृष्णा सहित सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी,अभिभावक और स्थानीय लोग पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंत में प्रसाद वितरण के साथ पूजा समारोह का समापन हुआ। सभी ने माता सरस्वती से ज्ञान,विवेक और सफलता की कामना की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्थान के प्रयासों की सराहना की।