दरभंगा के बड़ा बाजार श्याम लाट मार्केट में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम लाट मार्केट से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का शव उसके घर के अंदर पाया गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घरवालों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के मायके पक्ष ने पति ओम लाट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ हैवानियत करता था। परिजनों का आरोप है कि बीती रात भी आरोपी पति ने शराब पीकर मारपीट की और महिला को घर से बाहर निकाल दिया था।
बताया जा रहा है कि महिला सुबह वापस घर लौटी, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर सामने आई।

पति गिरफ्तार, आत्महत्या के बिंदु पर प्रारंभिक जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति ओम लाट को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या के बिंदु पर देखा जा रहा है, हालांकि कमरे में फांसी लगाने से संबंधित कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि“पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।”

मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

वहीं, विवाहिता के मायके पक्ष ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है और आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एफएसएल टीम जुटी जांच में

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से बिंदुवार जांच करते हुए साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।