बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम आयोजित
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम आयोजित
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम आयोजित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम, दरभंगा के तत्वावधान में जिला अंतर्गत महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन दरभंगा जिला स्थित +2 प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, डरहार बहादुरपुर, दरभंगा में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह एवं जिला मिशन समन्वयक, DHEW दरभंगा श्री ऋषि कुमार ने कहा कि बालिकाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समान अवसर प्रदान कर ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विषयों पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
लैंगिक विशेषज्ञ गोविंद कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसके सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक प्रभावों की जानकारी दी तथा इसे समाज से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों द्वारा बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली गई। इसके उपरांत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा छात्राओं को महिला सशक्तिकरण पर आधारित फिल्म ‘दंगल’ का प्रदर्शन भी कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना प्रबंधक की निगरानी में किया गया। कार्यक्रम में +2 प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, डरहार बहादुरपुर, दरभंगा के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।