पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर
पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर
पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, केवटी प्रखंड, दरभंगा में शैक्षणिक सत्र 2026–27 हेतु कक्षा 6 से 9 में नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 09 फरवरी 2026 निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में संचालित ये विद्यालय पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने हेतु बिहार सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है।
इस संबंध में अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी अंबिका रानी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026–27 में कुल 45 सीटों पर नामांकन किया जाएगा।
विद्यालय में छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित एवं स्वच्छ आवास, पौष्टिक भोजन, वस्त्र, पुस्तकें एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त छात्राओं को डीबीटी (DBT) के माध्यम से ₹10,800/- वार्षिक सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी पढ़ाई कर सकें।
सभी नामांकन प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेधा सूची के अनुसार किए जाएंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।
विभाग ने जिले के सभी पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।