दरभंगा जिला के बिरौल पुलिस ने एक देशी कट्टे के साथ युवक को किया गिरफ्तार, बिरौल थाना में मामला दर्ज, चोरी का बाइक जब्त

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना अंतर्गत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार की शाम गश्ती के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष चन्द्र मणि के अनुसार, बिरौल थाना के पु०अ०नि० इकरार फारूकी बुधवार शाम को अपने दल-बल के साथ क्षेत्र में गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सपहा पुल के पास हीरा ईट भट्टा के निकट घोरहा जाने वाली सड़क पर एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है, जो किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है।
सूचना के सत्यापन के लिए जब पुलिस टीम शाम करीब 6:05 बजे मौके पर पहुंची, तो पुलिस को देख युवक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान नीतीश कुमार (22 वर्ष), पिता दिनेश सदा, ग्राम लालपुर कटैया (थाना-बिरौल) के रूप में हुई है।
जब पुलिस ने युवक की तलाशी ली, तो उसके कमर से एक पुराना लोहे का देशी कट्टा बरामद हुआ।
इसके अतिरिक्त, पुलिस ने मौके से एक लाल रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या BR19Y7068) भी जब्त की है।
बिरौल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कांड संख्या 38/26, धारा 25(1-B)A/26 Arms Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने एएसआई प्रेम प्रकाश राय को इस केस का जांच अधिकारी (आई ओ) नियुक्त किया है।