जीविका दीदियों एवं कर्मियों को भूकम्प सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत दिया गया प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

भूकम्प सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा एसडीआरएफ एवं बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप (यूनिसेफ/जीपीएसवीएस) के सहयोग से जिले के विभिन्न स्तरों पर भूकम्प से होने वाले संभावित खतरों, क्या करें–क्या न करें तथा भूकम्प के दौरान घायलों के प्राथमिक उपचार विषय पर प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम अभियान के रूप में 28 जनवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में आज किरतपुर प्रखंड के जीविका कर्मियों, दीदियों एवं केडर्स का प्रशिक्षण जीविका कार्यालय सभागार में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप के जिला समन्वयक डॉ. श्याम कुमार सिंह द्वारा संपन्न कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भूकम्प की मूलभूत जानकारी, भूकम्प के समय “झुको, ढको और पकड़ो” तकनीक का अभ्यास, गिरती वस्तुओं से सिर की सुरक्षा, धैर्य बनाए रखने के उपाय, घायलों एवं फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया, आपातकालीन सहायता हेतु टॉल फ्री नंबर 112 पर संपर्क करने के तरीके तथा प्राथमिक उपचार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा व्यावहारिक अभ्यास भी किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीपीएम कृष्णदेव जी, हेल्प डेस्क कंचन कुमारी, सीसी प्रदीप गुप्ता, आईआरपी बादशाह मंसूरी सहित कुल 47 जीविका कर्मियों एवं दीदियों ने भाग लिया।