22 जनवरी को संयुक्त श्रम भवन में लगेगा जॉब कैम्प,तीस रिक्तियों पर होगी बहाली
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सहायक निदेशक, नियोजन एवं प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा ने बताया कि श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार, पटना के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा के माध्यम से 22 जनवरी 2026 (गुरुवार) को एक दिवसीय जॉब कैम्प का आयोजन किया जाएगा।
यह जॉब कैम्प संयुक्त श्रम भवन (रामनगर आई.टी.आई. के निकट), लहेरियासराय, दरभंगा स्थित कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित होगा। जॉब कैम्प में Chaitanya India Fin Credit Pvt. Ltd. द्वारा भाग लिया जाएगा।
कंपनी द्वारा SFO पद हेतु कुल 30 रिक्तियों पर साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को ₹21,474 (CTC) (फ्रेशर) मासिक वेतन के साथ-साथ मुफ्त आवास, इंसेंटिव तथा प्रतिमाह फ्यूल खर्च की सुविधा दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर बिहार के सभी जिलों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इस पद हेतु दोपहिया वाहन एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है।
जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के NCS पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर स्वयं निबंधन कर सकते हैं अथवा प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा में आकर निबंधन करा सकते हैं।
जॉब कैम्प में भाग लेने हेतु अभ्यर्थी अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, 05 रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र अवश्य लाएं।