राज्य सरकार की “सबका सम्मान–जीवन आसान” पहल के तहत दरभंगा प्रमंडल में जनता से मिलने का कार्यक्रम प्रारंभ

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में आम नागरिकों की दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।

प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय द्वारा आमजनों से सीधे संवाद स्थापित करने हेतु जनता से मिलने का कार्यक्रम दिनांक 19 जनवरी 2026 से प्रारंभ किया गया है।

इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों से भेंट करेंगे। आमजनों के लिए आयुक्त महोदय से मिलने का समय पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

आम नागरिकों की सुविधा, सम्मानजनक व्यवस्था एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने हेतु प्रमंडलीय नाजिर को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए  सुशील कुमार मिश्र, सचिव, आयुक्त कार्यालय, दरभंगा प्रमंडल को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। आयुक्त  ने बताया कि किसी अपरिहार्य कारणवश उनकी अनुपस्थिति में आमजनों से मुलाकात हेतु श्री सुशील कुमार मिश्र को प्राधिकृत किया गया है। यदि वे भी अनुपस्थित रहते हैं, तो यह दायित्व श्री आकाश ऐश्वर्य, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी-सह-क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, दरभंगा प्रमंडल को सौंपा गया है।

यह पहल राज्य सरकार की जनोन्मुखी सोच को सुदृढ़ करते हुए प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा, पारदर्शी एवं संवेदनशील संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।