मनीगाछी लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पांच अभियुक्त गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद,

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला में कुछ थाने के ऐसे थानेदार हें जो कम दिनों मे अपना नाम बेहतर पुलिसिंग में नाम दर्ज करा लेते हें ,ऐसे ही थानाध्यक्ष रंजीत कुमार।दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अभियुक्त अब भी फरार हैं। पुलिस ने लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत कुल तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनांक 18 जनवरी 2026 को संध्या लगभग 7:15 बजे मनीगाछी थाना क्षेत्र के ग्राम कटमा से बथिया जाने वाली सड़क पर कौआ गाछी के पास अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा एक व्यक्ति से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं नकद राशि लूट लिए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही मनीगाछी थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ग्राम नारायणपुर, थाना सकतपुर, जिला दरभंगा निवासी विजय कुमार (पिता–ढोढाई सिंह) ग्राम पुतई जाने के क्रम में लूट की घटना का शिकार हुए थे। इस संबंध में पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मनीगाछी थाना कांड संख्या 13/26, दिनांक 19.01.2026 को धारा 309(4) भा.न्या.सं. के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर के नेतृत्व में तकनीकी शाखा की सहायता से एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर इस कांड में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय कुमार मुखिया (22 वर्ष), मदन कुमार यादव (17 वर्ष), प्रिंस राज (16 वर्ष), अखिलेश कुमार (16 वर्ष) एवं अभिषेक कुमार यादव (17 वर्ष) शामिल हैं। सभी अभियुक्त मनीगाछी थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। अभियुक्तों के निशानदेही पर घटना में लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (BR37AL1741) के साथ-साथ एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर प्लेट BR32C9631) एवं एक अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, इस कांड में शामिल दो अन्य अभियुक्त राहुल कुमार कामती एवं अंकित यादव फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।

इस पूरे अभियान में सदर थाना एवं मनीगाछी थाना की पुलिस के साथ-साथ तकनीकी शाखा दरभंगा की टीम और सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।