बिहार पुलिस अकादमी राजगीर में 1600 सिपाहियों के प्रोमोशनल ट्रेनिंग कोर्स का शुभारंभ

दस्तक 7मीडिया ,राजगीर/

बिहार पुलिस अकादमी (बीपीए), राजगीर में प्रोमोशनल ट्रेनिंग कोर्स (PTC) के तहत आयोजित प्रशिक्षण सत्र का विधिवत उद्घाटन सोमवार को किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक सह निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी राजगीर के कर-कमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूरे बिहार राज्य के विभिन्न जिलों एवं पुलिस इकाइयों से चयनित कुल 1600 सिपाही प्रशिक्षण हेतु उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक सह निदेशक ने कहा कि प्रोमोशनल ट्रेनिंग कोर्स पुलिस बल के कर्मियों के व्यावसायिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और कानून-व्यवस्था से जुड़े आधुनिक तरीकों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक और तकनीकी परिवेश में पुलिसकर्मियों को अपडेट रहना आवश्यक है, ताकि वे कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं जनहितैषी ढंग से लागू कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उक्त प्रशिक्षण सत्र के प्रतिभागी कुल 180 कार्य दिवसों का गहन प्रशिक्षण बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में प्राप्त करेंगे। इस दौरान उन्हें कानून, अनुसंधान प्रक्रिया, भीड़ नियंत्रण, साइबर अपराध, आधुनिक पुलिसिंग, शारीरिक दक्षता तथा नेतृत्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान अकादमी के वरीय अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पूर्ण करने का संकल्प लिया।