परसरमा ने जीता डीकेसीसी का खिताब, फाइनल में सिमरी को दी करारी मात, राकेश राका की तुफानी बल्लेबाजी दर्शकों का जीता दिल,

दस्तक7मिडिया, गौड़ा बौराम, दरभंगा।

घनश्यामपुर प्रखंड अंतर्गत लगमा कॉलेज प्रांगण में खेले गए डीकेसीसी क्रिकेट प्रतियोगिता के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में परसरमा की टीम ने अपना दबदबा कायम करते हुए सिमरी को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। राकेश राका की तूफानी बल्लेबाजी और गौरव सिंह की कप्तानी में परसरमा ने न केवल मैच जीता, बल्कि दर्शकों का दिल भी जीत लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी परसरमा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में शानदार खेल में
8 विकेट के नुकसान पर 221 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। मैच के असली हीरो राकेश राका रहे, जिन्होंने मात्र 32 गेंदों में 90 रनों की नाबाद और आतिशी पारी खेलकर सिमरी के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी इस पारी की बदौलत ही परसरमा एक मजबूत स्थिति में पहुंच सकी।
222 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमरी की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। परसरमा की सटीक गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के आगे सिमरी के बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 16.5 ओवरों में महज 164 रनों पर सिमट गई।
मैच के समापन पर आयोजन कर्ता गोविंद जी झा ने विजेता टीम के कप्तान गौरव सिंह को ट्रॉफी और 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार भेंट किया। शानदार प्रदर्शन के लिए राकेश राका को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए नदैय पंचायत के पूर्व मुखिया श्री अरुण सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित किया।