डीएम ने जनता के दरबार में सुनी आमजनों की समस्याएँ, त्वरित समाधान के दिए निर्देश,

50 से अधिक परिवादी हुए उपस्थित, कई मामलों का मौके पर निष्पादन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता के दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्वक सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया।

आज के जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से 50 से अधिक परिवादी उपस्थित हुए, जिनमें 30 ऑनलाइन एवं 20 ऑफलाइन आवेदक शामिल थे।

प्राप्त आवेदनों में खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, पंचायती राज, सहकारिता, परिवहन, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग से संबंधित मामले सम्मिलित थे। जिलाधिकारी ने कई मामलों का तत्काल निष्पादन किया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए यथाशीघ्र जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी ने स्वयं दूरभाष पर कई अधिकारियों से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का निवारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता बरतें तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, जिससे जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण  राजेश कुमार, उप निदेशक जन-सम्पर्क  सत्येंद्र प्रसाद, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राजेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता  पवन कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी  प्रियंका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।