उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिले में उद्योगों की स्थापना, विस्तार एवं स्थानीय उद्यमियों को आवश्यक आधारभूत एवं वित्तीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत सशक्त बिहार के निर्माण हेतु राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य उद्योगों की स्थापना एवं उनका सतत विकास है। इस क्रम में उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।

बैठक के दौरान उपस्थित प्रत्येक निवेशक एवं उद्यमी से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक शाखा प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने उद्यमियों को ऋण स्वीकृति के लिए संबंधित बैंक शाखाओं से आवश्यक दस्तावेजों की सूची प्राप्त करने तथा सभी जरूरी प्रमाण-पत्र तैयार कराने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कुल 23 उद्यमियों के ऋण प्रस्तावों को स्वीकृति (सेंशन) देने का निर्देश संबंधित बैंकों को दिया गया। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सभी बैंकों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया।

इस अवसर पर सुरुची कुमारी, प्रभारी महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, दरभंगा, अग्रणी जिला प्रबंधक, दरभंगा सहित उद्योग विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।