मकर संक्रांति महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में मकर संक्रांति महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ दरभंगा स्थित प्रेक्षागृह में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन नजारत उप समाहर्ता श्री पवन कुमार, सहायक आयुक्त मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चंदन कुमार एवं जिला खेल संघ के सचिव श्री जितेंद्र सिंह के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर महोत्सव के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने मकर संक्रांति पर्व के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आपसी सौहार्द, उल्लास एवं लोकसंस्कृति को सहेजने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से लोक कला, परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम मिलता है।

कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति महोत्सव का उत्सवपूर्ण वातावरण में आनंद लिया गया। पतंगबाजी के माध्यम से लोक परंपराओं का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

महोत्सव के दौरान विविध सांस्कृतिक गतिविधियों, लोक कला प्रस्तुतियों एवं पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से मकर संक्रांति के महत्व को रेखांकित किया गया। आयोजन में प्रतिभागी बच्चे, गणमान्य नागरिक, कला प्रेमी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।