कृषि व उद्यान योजनाओं की प्रगति की आयुक्त ने की समीक्षा,

किसानों को समय पर व पारदर्शी लाभ देने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/

आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शनिवार को प्रमण्डलीय सभागार में कृषि एवं उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर प्रमण्डल स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बीज वितरण, उर्वरकों की उपलब्धता व आवश्यकता सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी के जिला कृषि पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लाइसेंस से जुड़े मामलों को जिला स्तर पर लंबित न रखें तथा सभी लाइसेंसों का नियमानुसार ससमय निष्पादन करें।

आयुक्त ने पॉलीहाउस योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इस योजना का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुँचना चाहिए, इसकी जिम्मेदारी जिला कृषि पदाधिकारियों की होगी। बैठक में जिला उद्यान पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा बागवानी योजनाओं के तहत केला व अमरूद के पौधारोपण की जानकारी दी गई, जिस पर आयुक्त ने आम के पौधारोपण को भी बढ़ावा देने का निर्देश दिया।

मखाना क्षेत्र विकास पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने कहा कि मखाना की बाजार में काफी मांग है और यह किसानों की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया।

अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बेहतर कार्य करने और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे किसानों तक पहुँचाने का निर्देश दिया।

बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सह क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी  आकाश ऐश्वर्य, उप निदेशक कृषि, दरभंगा प्रमण्डल, जिला उद्यान पदाधिकारी  नीरज कुमार झा सहित कृषि एवं उद्यान विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।