मनरेगा योजनाओं की प्रगति पर आयुक्त की सख़्ती, अधिक से अधिक जॉब कार्ड बनाने का निर्देश
मनरेगा योजनाओं की प्रगति पर आयुक्त की सख़्ती, अधिक से अधिक जॉब कार्ड बनाने का निर्देश
मनरेगा योजनाओं की प्रगति पर आयुक्त की सख़्ती, अधिक से अधिक जॉब कार्ड बनाने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रमण्डलीय सभागार में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों में संचालित मनरेगा योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने उप विकास आयुक्त एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) से जिलेवार प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक जॉब कार्ड बनाए जाएं। साथ ही जॉब कार्डधारकों का ई-केवाईसी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को मनरेगा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके और पलायन पर रोक लगे।
बैठक के दौरान मनरेगा के तहत निर्मित खेल मैदानों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि खेल मैदान युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते खिलाड़ियों के लिए यह उपयोगी सिद्ध होंगे।
आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को मनरेगा योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण विकास के लक्ष्यों को समय पर प्राप्त किया जा सके।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी सह योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।