दरभंगा में 30,311 किसानों की बनी फार्मर आईडी, ई-केवाईसी कार्य मिशन मोड में तेज
दस्तक 7मीडिया /
दरभंगा जिले में किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने के लिए फार्मर आईडी निर्माण और ई-केवाईसी का कार्य मिशन मोड में चलाया जा रहा है। अब तक जिले के 30,311 किसानों की फार्मर आईडी तैयार की जा चुकी है।
प्रखंडवार स्थिति की बात करें तो दरभंगा प्रखंड में 2622, सिंहवाड़ा में 2601, बिरौल में 2101, अलीनगर में 1426, बहादुरपुर में 1724, बहेड़ी में 2066, बेनीपुर में 1515, घनश्यामपुर में 1250, गौड़ाबौराम में 1324, हनुमाननगर में 1133, हायाघाट में 1839, जाले में 1583, केवटी में 1978, किरतपुर में 922, कुशेश्वरस्थान में 1560, कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 1660, मनीगाछी में 1757 तथा तारडीह प्रखंड में 1250 किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने राजस्व कर्मचारियों, किसान सलाहकारों, कृषि समन्वयकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शेष सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी एवं ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य दो चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण 9 जनवरी 2026 तक, जबकि द्वितीय चरण 18, 19, 20 एवं 21 जनवरी 2026 को संचालित होगा। किसानों से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी व ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी राजस्व ग्रामों में यह कार्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारी की होगी। फार्मर आईडी को किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से उपलब्ध हो सकेगा।