गायघाट प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी गई विदाई,

सम्मान समारोह में जुटे अधिकारी

दीपक कुमार। गायघाट

प्रखंड मुख्यालय सभागार में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तारा कुमारी के अवकाश प्राप्त होने के उपरांत विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मी व जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बीईओ तारा कुमारी ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ईमानदारी और निष्ठा से कार्य किया। उनका सरल व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय ने कहा कि तारा कुमारी का प्रशासनिक अनुभव और अनुशासन प्रखंड के शैक्षणिक विकास में अहम भूमिका निभाता रहा। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई सकारात्मक पहल कीं, जिसका लाभ विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिला। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।
सीओ शिवांगी पाठक ने कहा कि बीईओ तारा कुमारी ने हमेशा समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य किया। शिक्षा विभाग में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ अधिकारियों की सेवाएं लंबे समय तक याद रखी जाती हैं।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और भावभीनी विदाई दी। समारोह के अंत में बीईओ तारा कुमारी को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।