दरभंगा :

बेंता सहायक थाना की पुलिस ने गांजा के साथ एक कार समेत तीन कारोबारियो को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि सहायक थाना की पुलिस ने दरभंगा के जाने-माने चिकित्सक डॉ मनोज कुमार को मोबाइल पर रंगदारी और धमकी देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मोबाइल लोकेशन के आधार पर शुक्रवार की दोपहर  बिशनपुर थाना क्षेत्र से आई 10 कार पर सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाई हैं ।  कार की जांच की गई तो कार के सीट के नीचे से एक किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपियों में समस्तीपुर जिला के लक्ष्मीपुरा वार्ड नंबर 16 के रहने वाले उदय शंकर सिंह के पुत्र नीतिधीन प्रताप सिंह, समस्तीपुर जिला के ही रोसड़ा थाना क्षेत्र विमलेश पाठक के पुत्र रवि शंकर पाठक और श्री राम चौधरी के पुत्र उदय शंकर चौधरी के रूप पर पहचान की गई है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह तीनों व्यक्ति अपराधी प्रवृत्ति के हैं। गांजा सहित नशे के कारोबारी लग रहे हैं। आई 10 गाड़ी नंबर बीआर 06 सीसी 9566 जो जप्त की गई है वह गाड़ी किसकी है इसकी भी तहकीकात की जा रही है। बता दें कि जाने-माने चिकित्सक डॉ मनोज कुमार को अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर रंगदारी देने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी शिकायत सहायक थाना में दर्ज कराई गई थी। वहीं डॉक्टरों की टीम दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार से मुलाकात कर अपराधियों पर कार्रवाई करने और सुरक्षा की गुहार लगाई थी।