नववर्ष पर डीएमसीएच में प्रशासनिक फेरबदल, डॉ. उमेश चंद्र झा बने प्राचार्य और डॉ. जगदीश चंद्र अधीक्षक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नववर्ष के अवसर पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में प्रशासनिक स्तर पर अहम बदलाव किया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दो वरिष्ठ चिकित्सकों को प्राचार्य एवं अधीक्षक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश 01 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।

स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि डीएमसीएच, लहेरियासराय के औषधि विभाग के प्राध्यापक डॉ. उमेश चंद्र झा को प्राचार्य पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. जगदीश चंद्र को दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के अधीक्षक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दोनों चिकित्सक अगले आदेश अथवा अधिसूचना की अवधि तक अपने-अपने अतिरिक्त दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम-84 के अंतर्गत प्राचार्य एवं अधीक्षक पद से संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की शक्तियां संबंधित अधिकारियों को प्रदान की जाएंगी। साथ ही, पूर्व में कार्यरत प्राचार्य एवं अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत विधिवत प्रभार हस्तांतरित करें।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राचार्य एवं अधीक्षक पद पर अधिष्ठापित चिकित्सक शिक्षक अपने मूल विभाग के विभागाध्यक्ष के प्रभार में नहीं रहेंगे। इसके अलावा, इस आदेश से पूर्व निर्गत कोई भी अधिसूचना या आदेश इस आदेश के साथ संशोधित माना जाएगा। अधिसूचना को सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति प्राप्त है।

डॉ. उमेश चंद्र झा और डॉ. जगदीश चंद्र दोनों ही अनुभवी एवं वरिष्ठ चिकित्सक माने जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय को डीएमसीएच की शैक्षणिक, चिकित्सीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। चिकित्सा जगत को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संस्थान में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

अधिसूचना की प्रति प्रधान सचिव स्वास्थ्य, महालेखाकार, कोषागार पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है। आदेश जारी होते ही डीएमसीएच परिसर में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।