नववर्ष से पहले घनश्यामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1260 बोतल नेपाली शराब जब्त, एक गिरफ्तार
नववर्ष से पहले घनश्यामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1260 बोतल नेपाली शराब जब्त, एक गिरफ्तार
नववर्ष से पहले घनश्यामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1260 बोतल नेपाली शराब जब्त, एक गिरफ्तार
दस्तक7मीडिया ,गौड़ाबौराम /अमित झा
नववर्ष से पूर्व शराब तस्करों के विरुद्ध घनश्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1260 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार की देर रात थाना क्षेत्र के गनौन एवं बसौली गांव के बीच खोरागाछी में पुआल के नीचे छुपाकर रखी गई शराब को जब्त किया गया। बरामद शराब ‘नेपाली मामा श्री’ ब्रांड की बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान कुहासे का लाभ उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार की देर रात अलीनगर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव से बसौली निवासी परमानंद मंडल उर्फ प्रिंस मंडल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त बसौली निवासी कमलेश मंडल का पुत्र है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शराब बरामदगी के बाद अभियुक्त गांव छोड़कर फरार हो गया था। गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया।
उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस शराब तस्करों एवं शराब सेवन करने वालों पर लगातार नजर बनाए हुए है। गिरफ्तार अभियुक्त को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।