बिहार प्रशासन में बड़ा फेरबदल: कई IAS अधिकारियों के तबादले, नई तैनातियाँ जारी,ACS–प्रमुख सचिव स्तर पर व्यापक तबादला।

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई।

अधिसूचना के अनुसार विजयलक्ष्मी एन. (IAS 1995) को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग से स्थानांतरित कर अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग बनाया गया है। वे बिहार राज्य योजना परिषद की सचिव एवं आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी की परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।

 के. सेंथिल कुमार (IAS 1996) को प्रधान सचिव, योजना एवं विकास विभाग से स्थानांतरित कर प्रधान सचिव, गन्ना उद्योग विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है।

 पंकज कुमार (IAS 1997) को कृषि विभाग से हटाकर प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है, जबकि वे जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे। वहीं  नर्मदेश्वर लाल (IAS 1998) को गन्ना उद्योग विभाग से स्थानांतरित कर प्रधान सचिव, कृषि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रतीक्षारत अधिकारियों में  संजीव हंस (IAS 1997) को अपर सदस्य, राजस्व परिषद, जबकि श्री विनय कुमार (IAS 1999) को प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग बनाया गया है।

इसके अलावा,  प्रेम सिंह मीणा को आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल,  मनीष कुमार को आयुक्त, सारण प्रमंडल तथा  गिरिवर दयाल सिंह को आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल के पद पर तैनात किया गया है।

खेल, पर्यटन, सिविल विमानन, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण तथा चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विभागों में भी अतिरिक्त प्रभारों में बदलाव किया गया है। कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि कुछ को प्रभारी सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।