दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का उद्घाटन सम्पन्न

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा जिले के किसानों को उन्नत कृषि तकनीक एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आत्मा, दरभंगा द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय कार्यक्रम कल दिनांक 24 दिसंबर 2025 को भी जारी रहेगा।

मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि संजय नाथ तिवारी (संयुक्त निदेशक, दरभंगा प्रमंडल),  राजेश कुमार गुप्ता (जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी), जिला कृषि पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. आकांक्षा, डॉ. शाहिद जमाल एवं डॉ. शिवेश भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन उपरांत उप-परियोजना निदेशक मोना ऋचा द्वारा किसानों को आत्मा योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार किसान इस योजना के माध्यम से प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी कृषि आय में वृद्धि कर सकते हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिहार कृषि ऐप पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से किसानों को यह बताया कि किस प्रकार वे इस ऐप के माध्यम से घर बैठे मौसम की जानकारी, बीज एवं खेती से संबंधित आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जिला कृषि पदाधिकारी एवं संयुक्त निदेशक द्वारा किसानों को संबोधित किया गया। साथ ही तकनीकी सत्र में डॉ. निधि (वैज्ञानिक, जाले) द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया।

मेले के अंतर्गत कृषि विभाग एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ आधुनिक कृषि यंत्रों एवं जैविक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है।
परियोजना निदेशक डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि यह मेला कल 24 दिसंबर 2025 को भी जारी रहेगा, जिसमें अधिक संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है।