सावधान! बिरौल में नकली सौंदर्य प्रसाधनों का जाल: ब्रांड के नाम पर बिक रहा है ‘जहर’

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

अगर आप दरभंगा जिले के बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में कॉस्मेटिक (सौंदर्य प्रसाधन) की खरीदारी कर रहे हैं, तो अब आपको बहुत सावधान रहने की जरूरत है। बाजार में नामी कंपनियों के नाम पर नकली कॉस्मेटिक उत्पादों की बाढ़ आ गई है। हाल ही में हुए कुछ खुलासों के बाद महिला ग्राहकों में हड़कंप मच गया है और यह मामला अब चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ लालची दुकानदार कम पूंजी निवेश कर बड़े ब्रांडों की हूबहू नकल वाले उत्पाद बेच रहे हैं। ये दुकानदार न केवल ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि बिना पक्के बिल और अवैध तरीके से व्यापार कर भारत सरकार के राजस्व की भी भारी चोरी कर रहे हैं। कम लागत में तैयार इन नकली सामानों को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध रूप से मोटी कमाई की जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि नकली कॉस्मेटिक सामग्री में अक्सर हानिकारक रसायनों का प्रयोग होता है, जो निम्नलिखित समस्याओं का कारण बन सकते हैं, जैसे कि त्वचा पर चकत्ते और एलर्जी।चेहरे पर काले दाग-धब्बे। लंबे समय तक इस्तेमाल से गंभीर चर्म रोग।
प्रशासन द्वारा इन पर अंकुश लगाए जाने की मांग के बीच, ग्राहकों को खुद भी जागरूक होने की आवश्यकता है। खरीदारी करने वाले लोगों को
पैकेजिंग पर ध्यान दें– नकली उत्पादों की स्पेलिंग में अक्सर छोटी गलतियां होती हैं या लोगो (Logo) का रंग असली से थोड़ा अलग होता है।
QR कोड स्कैन करें: आजकल अधिकांश नामी कंपनियां अपने उत्पाद पर वेरिफिकेशन कोड या QR कोड देती हैं।
पक्का बिल मांगें: हमेशा खरीदारी का पक्का जीएसटी बिल मांगें। बिल देने से कतराना इस बात का संकेत हो सकता है कि सामग्री अवैध है।
कीमत का अंतर: अगर कोई नामी ब्रांड का उत्पाद भारी डिस्काउंट या असामान्य रूप से कम कीमत पर मिल रहा है, तो वह नकली हो सकता है।
स्थानीय प्रबुद्ध व्यक्ति और ग्राहकों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को दुकानों की औचक जांच करनी चाहिए। ऐसे दुकानदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आम जनता के स्वास्थ्य और सरकारी राजस्व, दोनों की रक्षा हो सके।
मालूम हो कि पिछले दिनों बिरौल के सुपौल बाजार में सागर जेनरल स्टोर और मेसर्स प्रधान जेनरल स्टोर से काफी मात्रा में नकली कॉस्मेटिक सामग्री पुलिस ने बरामद किया है।