चार दिवसीय जिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता का डीएम ने किया उद्घाटन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

चार दिवसीय दरभंगा जिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन आज जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार के द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर दरभंगा लॉन टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. अविनाश चंद्र मिश्रा ने जिला पदाधिकारी का स्वागत किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री विकास कुमार के साथ स्वयं लॉन टेनिस खेलकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने दरभंगा जिले में लॉन टेनिस को प्रोत्साहित करने हेतु क्ले कोर्ट एवं ग्रास कोर्ट के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का आश्वासन दिया। साथ ही वर्तमान टेनिस कोर्ट की स्थिति को देखते हुए शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश भी दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिला स्तर पर टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाए तथा भविष्य में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन की दिशा में भी पहल की जाए। जिला पदाधिकारी ने दरभंगा में खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए खेल संगठनों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को अत्यंत सराहनीय बताया।

इस अवसर पर जिला खेल संघ के सचिव श्री जितेंद्र सिंह, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव श्री विजय कुमार छन्नू, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री चन्दन सतलज, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर श्री आशिष आनंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

आज के मुकाबलों के परिणाम
नारायण चौधरी ने शिवम को 6-1 से पराजित किया।
समर्थ मिश्रा ने केशव चौधरी को 6-1 से हराया।
मुकेश मिश्रा ने रिंकु को 7-5 से मात दी।
अनुभव ने विक्रांत को 6-2 से पराजित किया।