बेनीपुर के +2 विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,
छात्र–छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता व बाल विवाह कानून की दी गई जानकारी 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), दरभंगा श्री शिव गोपाल मिश्रा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा के तत्वावधान में +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेनीपुर में 17 दिसंबर 2025 को विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती आरती कुमारी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा ने विद्यालय का भ्रमण करते हुए छात्र–छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्य, कार्य एवं जरूरतमंद तथा कमजोर वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।

सचिव महोदया ने बाल विवाह निषेध अधिनियम पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं कानूनी दुष्परिणामों से छात्र–छात्राओं को अवगत कराया तथा बताया कि बाल विवाह कानूनन दंडनीय अपराध है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई तथा शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने युवाओं से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने तथा अपने परिवार व समाज में भी विधिक जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त करने के लिए छात्रों को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र–छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। यह कार्यक्रम युवाओं में विधिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।