दरभंगा में पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ,

16 से 20 दिसम्बर तक चलेगा अभियान, 7.07 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो खुराक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को डीआईओ डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्रा द्वारा सीएचसी बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र में एक नवजात शिशु को पोलियो की खुराक पिलाकर किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 16 से 20 दिसम्बर 2025 तक संचालित किया जाएगा, जबकि इसके पश्चात एक दिन छूटे हुए बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे।

डीआईओ डॉ. मिश्रा ने आमजनों, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी हाट-बाजारों, खानाबदोश बस्तियों एवं ईंट-भट्ठों पर दो बार भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा छूट न जाए।

उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के प्रति जनसाधारण को जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

डीआईओ ने जानकारी दी कि पल्स पोलियो चक्र के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में 1742 घर-घर टीमें, 159 ट्रांजिट टीमें, 74 एक सदस्यीय ट्रांजिट टीमें, 52 मोबाइल टीमें एवं 638 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया है।
इसके लिए कुल 135 सब-डिपो बनाए गए हैं, जहां से टीकाकर्मी वैक्सीन एवं आइस पैक का उठाव एवं वापसी करेंगे।

अभियान के दौरान जिले में जन्म से पांच वर्ष तक के 7 लाख 7 हजार 797 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की सतत निगरानी हेतु जिला स्तरीय स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा सघन अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक कार्यदिवस की संध्या में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में डीपीएम प्रभात राजू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक मंजर, एसएमओ डॉ. शेखावत, यूनिसेफ के एसएमसी ओंकार चंद एवं शहाबुद्दीन, पंकज झा, संजय चौहान, बीएचएम रेवती रमन, बीसीएम मनोज, एएनएम, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।