बिहार पुलिस का पूर्वी चम्पारण में महाकुर्की अभियान, फरार अपराधियों में मचा हड़कंप
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) जिले में बिहार पुलिस द्वारा फरार अपराधियों के विरुद्ध एक साथ व्यापक और सख्त कार्रवाई करते हुए महाकुर्की अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 136 फरार अपराधियों के ठिकानों पर एक साथ पुलिस की दबिश दी गई, जिससे अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस द्वारा विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत 97 अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की-जप्ती की प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान अभियुक्तों की चल-अचल संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्क किया गया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का असर यह हुआ कि कई फरार अभियुक्तों ने दबाव में आकर स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी अथवा न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुई।