किसानों का धरना सातवें दिन भी जारी,महापंचायत और कोर्ट जाने की चेतावनी
किसानों का धरना सातवें दिन भी जारी,महापंचायत और कोर्ट जाने की चेतावनी
किसानों का धरना सातवें दिन भी जारी,महापंचायत और कोर्ट जाने की चेतावनी
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /
बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के दुर्गा स्थान पनसीहा चौक के पास किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लगातार सातवें दिन भी जारी है। किसान गेहूं के बीज का अंकुरण नहीं होने पर मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।किसानों का कहना है कि वे 9 दिसंबर 2025 से आंदोलन कर रहे हैं,लेकिन अब तक कृषि विभाग के पदाधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचे हैं। धरना को संबोधित करते हुए उघरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य गंगा प्रसाद साहू ने कहा कि किसानों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब किसान महापंचायत लगाएंगे और मुआवजे के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। श्री साहू ने कृषि विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि किसान इस देश की रीढ़ है और अब वह चुप नहीं बैठेगा। अपने अधिकार के लिए किसान धरना के साथ-साथ कानूनी लड़ाई भी लड़ेगा। सभा को संबोधित करते हुए किसान नेता व समाजसेवी धनंजय सिंह ने कहा कि किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। गलत बीज,महंगी खाद और बीमा का लाभ नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसान आत्महत्या नहीं करेगा,बल्कि अपने हक के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगा। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी,धरना जारी रहेगा। धरना में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष उदित नारायण चौधरी,पूर्व मुखिया राम पुकार चौधरी सहित नथू माझी,महेश यादव,पवन शर्मा,राजीव दास,अनिल शर्मा,रामविलास माझी,मनोज मांझी,राम पुकार दास,माले नेता विजय यादव समेत सैकड़ों किसान मौजूद थे।