जन-स्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन को लेकर जागरूकता रथ रवाना,

स्वच्छता , सुरक्षित पेयजल एवं रोग-नियंत्रण के प्रति ग्रामीण समुदाय को किया जाएगा जागरूक

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, दरभंगा तथा रिलायंस फाउंडेशन, अदिथि के संयुक्त तत्वावधान में दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड में आपदा प्रबंधन पहल के अंतर्गत आपातकालीन जन-स्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन (Public Health Risk Management – PHRM) विषय पर एक समन्वित एवं प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम रिलायंस फाउंडेशन के आपदा प्रबंधन कार्यक्रम के तहत क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों के साथ-साथ सामान्य समय में भी जन-स्वास्थ्य से जुड़े जोखिमों को कम करना तथा समुदाय स्तर पर तैयारी, जागरूकता एवं क्षमता को सुदृढ़ करना है।

सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री प्रणव राज ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत हायाघाट प्रखंड में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चयनित आशा दीदियों को आपातकालीन जन-स्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, रोगों की रोकथाम, WaSH (जल, स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार) तथा समुदाय में जागरूकता फैलाने के तरीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात ये आशा दीदियाँ ग्रामीण स्तर पर जन-स्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियों का सक्रिय रूप से संचालन कर रही हैं तथा समुदाय को सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित कर रही हैं। आपदा की स्थिति में स्वास्थ्य एवं WaSH संरचनाओं पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को देखते हुए प्रशिक्षित सामुदायिक कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

इसी क्रम में हायाघाट प्रखंड के विभिन्न गांवों में “Knowledge on Wheels” के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्रियों का प्रसार, स्वच्छता से जुड़े अच्छे व्यवहारों का प्रदर्शन, सुरक्षित पेयजल के महत्व पर चर्चा तथा सार्वजनिक जल स्रोतों (हैंडपंप) का विसंक्रमण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में आज इस जन-जागरूकता अभियान की औपचारिक शुरुआत दरभंगा समाहरणालय परिसर से की गई, जहाँ सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं फायर ऑफिसर, दरभंगा द्वारा संयुक्त रूप से जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन के राज्य परियोजना समन्वयक श्री सूरज कुमार, अदिथि से श्री दीपक रौशन सहित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, दरभंगा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।