दरभंगा प्रमण्डल के 61वें आयुक्त बने  हिमांशु कुमार राय, पदभार ग्रहण करते ही विकास और सुशासन पर दिया जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमण्डल के 61वें आयुक्त के रूप में  हिमांशु कुमार राय ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने प्रमण्डल के वरीय पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक फीडबैक लिया।

आयुक्त महोदय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा कि दरभंगा प्रमण्डल बिहार राज्य का एक महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित क्षेत्र है, जहाँ प्रशासनिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्तरदायित्व अत्यंत व्यापक हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

आयुक्त ने विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन सतत निगरानी बनाए रखेगा। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, मत्स्य पालन एवं मखाना उत्पादन जैसे क्षेत्रों में दरभंगा प्रमण्डल की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए इनके समुचित विकास एवं प्रोत्साहन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनका प्रमुख उद्देश्य होगा। इसके लिए प्रमण्डल के सभी जिलों के प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ सुदृढ़ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार, जिलाधिकारी, मधुबनी श्री आनंद शर्मा तथा जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट कर आयुक्त महोदय का स्वागत किया।

कार्यक्रम में आयुक्त के सचिव  सत्येंद्र कुमार, उप निदेशक खाद्य  सुशील कुमार मिश्रा, उप निदेशक जनसम्पर्क  सत्येंद्र प्रसाद, आरटीए सचिव  मनोज कुमार, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी सहित प्रमण्डल के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।